#NEET UG 2026: नीट परीक्षा में पेपर लीक रोकने का नया प्लान, एयरफोर्स और डाक विभाग संभालेंगे सुरक्षा की कमान#




नीट- यूजी की 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा के प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने में इस बार किसी निजी एजेंसी की मदद लेने की जगह भारतीय वायु सेना और डाक विभाग की मदद ली जाएगी।
जिसमें नीट-यूजी के प्रश्न पत्रों को देश के 18 रीजनल सेंटरों तक वायु सेना की मदद से पहुंचाया जाएगा, जबकि प्रश्न पत्रों को रीजनल सेंटरों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने का काम डाक विभाग संभालेगा।

देश के करीब 552 शहरों व विदेश के 14 शहरों में नीट-यूजी की परीक्षाएं आयोजित होती है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक नीट-यूजी की 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा में उन सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जा रहा है, जिसकी सिफारिशें पूर्व में परीक्षा को सुरक्षित कराने के लिए सुझाए गए थे। इन्हीं सुझावों में परीक्षा से निजी एजेंसियों की भागीदारी को खत्म करने का भी एक सुझाव था।
नीट पेपर के लिए भारतीय वायु सेना के विमानों का इस्तेमाल
सूत्रों की मानें तो पेपर लीक के बाद नीट-यूजी की 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा के प्रश्न पत्रों को इस बार भारतीय वायु सेना के विमानों से डाक विभाग के सहयोग से देश के 18 रीजनल सेंटरों तक पहुंचाने पर सहमति बनी है।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेगा पेपर
जहां से प्रश्न पत्रों को आगे डाक विभाग की मदद से त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इसमें केंद्रीय सुरक्षा बलों व स्थानीय पुलिस के साथ ही एनटीए व जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें भी रहेंगी।
नीट-यूजी की तैयारियों को सरकार का खास प्लान
गौरतलब है पिछले दिनों नीट-यूजी की तैयारियों को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक भी हुई थी। जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। सूत्रों की मानें तो बैठक में सिंधिया की मौजूदगी के बाद से उनकी भूमिका को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। जो प्रश्न पत्रों को पहुंचाने में डाक विभाग की ली जा रही मदद के बाद स्पष्ट हुआ है।
