#यूपी में एक और पति का कत्ल: नींद की गोलियां देकर मारा, बाथरूम में गाड़ दी लाश, ऊपर रोज नहाती थी वो; पूरी कहानी#




आगरा के सिकंदरा के दहतोरा में महिला ने शराब पीकर झगड़ा करने से तंग आकर पति सुरेंद्र (44) की हत्या कर दी। इसके बाद शव बाथरूम में दफना दिया और मिस्त्री को बुलाकर फर्श बनवा दिया। पुलिस के अनुसार, खीर में 20 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर हत्या की गई। हत्या के डेढ़ माह बाद पुलिस बुधवार को एक पुराने मामले में सत्यापन के लिए सुरेंद्र के घर पहुंची तो पत्नी रूबी घबरा गई। शुक्रवार को उसने अपने जेठ अनिल को बुलाया और घटना की जानकारी दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फर्श खोदकर सुरेंद्र का कंकाल बरामद करते हुए रूबी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में अनिल ने बताया कि छोटा भाई सुरेंद्र कुछ काम नहीं करता था। रोज शराब पीने के कारण आए दिन पत्नी से उसका झगड़ा होता रहता था। 18 मई को रूबी ने फोन कर बुलाया और कहा कि पुलिस दबिश दे रही है, इसलिए मां और बच्चियों को अपने घर ले जाओ। घर पहुंचकर मां और भतीजियों को अपने घर ले आए। दूसरे दिन रूबी भी आ गई। बताया कि सुरेंद्र तीन हजार रुपये लेकर कहीं चले गए हैं। मोबाइल भी घर छोड़कर गए हैं। उन्हें उसकी बातों पर शक हुआ।
