#राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कोतवाली परिसर में हुआ आयोजन#


धर्म, जाति और प्रलोभन से ऊपर उठकर वोट डालने का किया आह्वान
​आजमगढ़। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जीयनपुर कोतवाली में लोकतंत्र के प्रति आस्था और निष्ठा का दृश्य देखने को मिला। कोतवाली प्रभारी (कोतवाल) श्री राजकुमार सिंह ने थाने के समस्त स्टाफ और वहां मौजूद संभ्रांत नागरिकों को मतदान करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान कोतवाल राजकुमार सिंह ने शपथ पत्र पढ़ते हुए सभी को संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा, “हम शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।”
शपथ दिलाने के बाद कोतवाल ने कहा कि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में पुलिसकर्मियों की दोहरी जिम्मेदारी है। पहली, निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना और दूसरी, एक जागरूक नागरिक के तौर पर अपने मताधिकार का प्रयोग करना। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और आस-पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
​इस अवसर पर थाने के एसएसआई, उपनिरीक्षक, दीवान और बड़ी संख्या में आरक्षी मौजूद रहे, जिन्होंने हाथ आगे बढ़ाकर लोकतंत्र को मजबूत करने का वादा किया।