#उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को दिलाई मतदान की शपथ#


• बिना किसी प्रलोभन के वोट डालने और लोगों को जागरूक करने का किया आह्वान
सगड़ी (आजमगढ़)। सगड़ी तहसील मुख्यालय पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह बेहद सादगी और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर तहसील परिसर में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपजिलाधिकारी (SDM) ने सभी को शपथ दिलाकर की। उन्होंने कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाता ही होते हैं। उपस्थित जनसमूह ने शपथ ली कि वे “लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए, अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।”
अधिकारियों ने कहा कि नए मतदाताओं, विशेषकर युवाओं को जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मौजूद लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को भी वोट के महत्व के प्रति जागरूक करें।