



आजमगढ़। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार (24 जनवरी) को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास (Full Dress Rehearsal) संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा ग्राउंड जवानों के सधे हुए कदमों की आवाज से गूंज उठा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अनिल कुमार ने परेड की सलामी ली और तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। परेड का नेतृत्व प्रथम कमांडर सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रेमसुख दरिया ने किया, जबकि द्वितीय कमांडर निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी और तृतीय कमांडर एसआईएपी अभिषेक सिंह रहे। रिहर्सल में कुल 10 टोलियों ने हिस्सा लिया, जिनमें नागरिक पुलिस, महिला पीएसी, होमगार्ड्स और सीटीएस के जवान शामिल थे।
इस बार परेड में पुलिस की आधुनिकता की झलक भी देखने को मिली। स्वाट टीम का ‘वज्र’ वाहन, डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट, एंटी रोमियो स्क्वायड और डायल-112 की गाड़ियां आकर्षण का केंद्र रहीं। एसएसपी ने रिहर्सल को संतोषजनक बताते हुए सभी अधिकारियों को 26 जनवरी के मुख्य आयोजन में पूरे जोश और गरिमा के साथ प्रदर्शन करने के निर्देश दिए।
