#जयमाल के बाद दुल्हन का शव फंदे से लटका मिला#

- Advertisement -

दूल्हे को वरमाला डालने के बाद घर से लापता हुई, छोटी बहन से कराई गई शादी
कुशीनगर में जयमाल के बाद दुल्हन का शव फंदे से लटका मिला है। वह दूल्हे को जयमाला डालने के बाद कमरे से गायब हो गई थी। घर वालों ने उसकी तलाश की। लेकिन, कुछ पता नहीं चला। इसके बाद, सोमवार सुबह गांव के बाहर दुल्हन की लिबास में ही उसका शव पेड़ पर करीब 15 फीट की ऊंचाई पर लटकता मिला। लहंगे की चुनरी से फंदा बना हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। यह हत्या है या आत्महत्या? इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। पूरी घटना चौरा खास थाना क्षेत्र के बिन टोला गांव की है।

दरअसल, गांव के रहने वाले उदयनाथ की बेटी नीतू (21) की रविवार को देवरिया के मझौली राज गांव से बारात आई थी। शाम को बारात पहुंची। बारातियों ने नाश्ता किया। नाचते-गाते दुल्हन के दरवाजे पहुंचे। वहां शुरुआती रस्मों के बाद रात करीब 12 बजे जयमाल का कार्यक्रम हुआ। दुल्हन ने दूल्हे को जयमाला पहनाई। दूल्हे के साथ खाना खाया। इसके बाद, दुल्हन अपने कमरे में चली गई। क्योंकि, फेरे व अन्य रस्म थोड़ी देर बाद शुरू होनी थी।
मां से बहाना बनाकर गई थी नीतू
लड़की की मां चिंता देवी ने बताया,” जयमाला के बाद बेटी नीतू थोड़ी देर में आने की बात कहकर घर से गई थी। जब पैर पूजने की रस्में करने की बारी आई तो बेटी को बुलवाया गया। उस समय पता चला कि बेटी लौटकर आई ही नहीं है। इसके बाद शादी में हंगामा मच गया। परिवार के सभी लोगों ने मिलकर उसे ढूढ़ना शुरू किया। पुलिस को सूचना देकर तलाश कराई गई लेकिन बेटी का पता नहीं चला। हमें लगा बेटी कहीं भाग गई है
पिता बोला-छोटी बेटी से करानी पड़ी शादी
दुल्हन के पिता उदयनाथ ने रोते हुए बताया,” बेटी को बहुत खोजा गया, जब वह नहीं मिली तो पूरा परिवार परेशान हो गया। बारात दरवाजे पर खड़ी थी। दूल्हा भी था। ऐसे में दूल्हे के पिता से बातचीत की गई। दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद घर की इज्जत बचाने को अपनी छोटी बेटी से दूल्हे की शादी करवाई। जयमाल के बाद की बाकी रस्म उसी मंडप में छोटी बेटी के साथ कराई गईं। ”
15 फीट की ऊंचाई पर लटका मिला शव
उदयनाथ के मुताबिक, ” छोटी बेटी के साथ सारी रस्में पूरी कराने के बाद हम लोगों ने बारात विदा कर दी थी। उसके बाद फिर से नीतू की तलाश में जुट गए थे। सुबह गांव के लोग जब खेतों की तरफ गए तो वहां घघरी नदी के किनारे बरगद के पेड़ पर बेटी का शव लटका देखा। हमें सूचना मिली तो पूरा परिवार मौके पर पहुंचा। वहां देखा तो बेटी के लहंगे की चुनरी से फंदा बना हुआ था।”5 बहनों में दूसरे नंबर पर थी नीतू

उदय नाथ प्रसाद की पांच बेटियों व एक बेटे में मृतक नीतू दूसरे नंबर पर थी। नीतू ने कक्षा 11 तक पढ़ाई के बाद घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते पढ़ाई छोड़ दी थी। घटनास्थल पर चूड़ी-कंगन व जयमाल के दौरान मिले कुछ पैसे पड़े मिले। नीतू के पिता मुंबई में मजदूरी का कार्य करते हैं। बेटी की शादी के लिये कुछ दिन पहले घर आए थे।

- Advertisement -

पुलिस ने सीढ़ी लगाकर उतारा शव

चौरा खास थाने की पुलिस ने शव को सीढ़ी के सहारे नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। फिलहाल लड़की के परिवार वालों से पुलिस पूछताछ में जुटी है। सूचना मिलने के बाद छोटी बहन का भी रो रोकर बुरा हाल है।