#तमिलनाडु में 10 साल की बच्ची का अपहरण के बाद मर्डर, सड़कों पर उतरे लोग; मुख्य आरोपी गिरफ्तार#


कोयंबटूर की सुलूर पुलिस ने सुलूर के कन्नमपालयम के पास एक 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोप में शनिवार तड़के 33 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, बच्ची गुरुवार शाम को अपने घर के पास एक किराने की दुकान पर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक दोपहिया वाहन पर उसका अपहरण कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी। गुरुवार शाम से लापता इस बच्ची का शव शुक्रवार को कन्नमपालयम के पास झील के किनारे बरामद हुआ।

मुख्य आरोपी की पहचान नागपट्टिनम निवासी 33 वर्षीय कार्तिक के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कोयंबटूर जिले में सुलूर के पास पल्लापलायम में रह रहा था। पुलिस ने इस जघन्य अपराध में उसकी मदद करने के आरोप में उसके सहयोगी मोहन राज को भी हिरासत में ले लिया है।

परिजनों और स्थानीय लोगों का भारी विरोध प्रदर्शन

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बच्ची का शव मिलने के बाद पीड़िता के माता-पिता, रिश्तेदारों और आम लोगों ने शुक्रवार रात से लेकर शनिवार तड़के तक सुलूर रोड पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

हालात को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक आर. वी. रम्या भारती ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और प्रदर्शनकारियों से शांति वार्ता की। इसके अलावा, सुलूर विधानसभा क्षेत्र के टीवीके विधायक एन. एम. सुकुमार ने भी इलाके का दौरा किया।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि मामले की उचित जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।