#जमुई में खूनी रंजिश : बहन के घर प्रसाद खा रहे भाइयों पर तलवार से हमला, सोने की चेन और बाइक लूटी#


झाझा थाना क्षेत्र के खैरन गांव में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अपनी बहन के घर पूजा देखने और प्रसाद खाने पहुंचे दो सगे भाइयों पर गांव के ही आधा दर्जन दबंगों ने तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने पीड़ितों की मोटरसाइकिल और गले से सोने की चेन भी छीन ली। दोनों भाई किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया।

नाश्ता कर रहे थे भाई, पीछे से बहादुर यादव और बेटों ने किया हमला

घायलों की पहचान सबेजोर गांव निवासी छटंकी यादव और जोगियाटीलहा गांव निवासी सदानंद यादव के रूप में हुई है। पीड़ितों ने बताया कि खैरन गांव में उनकी बहन मंजू देवी की शादी डोमन यादव से हुई है। बहन ने घर पर विशेष पूजा का आयोजन किया था और प्रसाद खाने के लिए भाइयों को बुलाया था।

बुधवार की सुबह जब दोनों भाई अपने दो सहयोगियों के साथ बैठकर नाश्ता कर रहे थे, तभी गांव के ही बहादुर यादव, उनके बेटों और अन्य सहयोगियों ने पीछे से तलवार लेकर हमला बोल दिया।

बहन के घर में जमकर तोड़फोड़, भांजे को भी पीटा

पीड़ितों के अनुसार, हमलावरों का उनकी बहन के ससुराल वालों के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के तहत इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। तलवारबाजी करने के बाद आरोपियों ने बहन मंजू देवी के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और घर का सामान तहस-नहस कर दिया। इससे पहले मंगलवार की शाम को भी आरोपियों ने पीड़ितों के भांजे के साथ मारपीट की थी। हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार घटना के दौरान पीड़ित पक्ष की ओर से भी आरोपियों के साथ हाथापाई की बात सामने आई है।