



निजामाबाद (आजमगढ़)। ऐतिहासिक कस्बा निजामाबाद में बुधवार को सातवीं मुहर्रम का जुलूस परंपरागत एवं धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाला गया। जुलूस काजी के इमामबाड़े से प्रारंभ होकर अपने कदीमी मार्गों से गुजरते हुए पूरे कस्बे का भ्रमण करता रहा। इस दौरान शिया समुदाय के लोगों ने विभिन्न स्थानों पर मजलिस आयोजित कर इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की तथा मातम किया।जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। मातमी दस्तों ने नौहाखानी और सीना-जनी कर कर्बला की याद को ताजा किया। जुलूस जब निजामाबाद थाना परिसर पहुंचा तो वहां भी मजलिस और मातम का आयोजन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना परिसर सहित पूरे जुलूस मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

