


(हजारीबाग)। बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत डेली मार्केट के समीप शनिवार को करीब 11:30 बजे दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी शोरूम में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने ज्वेलरी दुकानदार प्रभु सोनी से करीब 22 से 25 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात लूट लिए। लूट के बाद अपराधी फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन की संख्या में अपराधी अपाचे बाइक पर सवार होकर ज्वेलरी दुकान पहुंचे थे। लूटपाट के दौरान जब लोगों ने विरोध किया तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से 4 से 5 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग की चपेट में आकर सुधीर सोनी नामक व्यक्ति के हाथ में गोली लग गई।
घायल की स्थिति खतरे से बाहर
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायल सुधीर सोनी को तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान भी तेज कर दिया गया है।
दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में हुई लूट की इस घटना से क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
