#मऊ में भतीजे ने अपने चाचा की चाकू से गोदकर हत्या की, वारदात के बाद से ही चल रहा फरार#


, मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के खनतिया गांव में शुक्रवार की देर रात एक भतीजे ने अपने चाचा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना में मृतक का भाई भी गंभीर रूप से जख्‍मी है। वहीं पुल‍िस के अनुसार हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए आजमगढ़ भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने चाचा को इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी संगीता यादव की तहरीर पर दो महिलाओं सहित चार आरोपितों के खिलाफ मुकदाम दर्ज क‍िया गया है। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उनके करीब‍ि‍यों के पास दबिश दे रही है। यह घटना बोझी क्षेत्र के खनतिया गांव की है। गांव निवासी रामभवन यादव (42) और उनके बड़े भाई विजयभान यादव (50) शुक्रवार रात घर पर साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में पहुंचे चचेरे भाई विजेंद्र यादव ने किसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई।

जब विजयभान यादव ने झगड़े का विरोध किया, तो विजेंद्र ने अपने बेटे को मौके पर बुला लिया। किशोर हाथ में चाकू और लाठी-डंडा लेकर पहुंचा और रामभवन यादव के सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिश। साथ ही लाठी-डंडे से सिर पर भी हमला कर दिया। रामभवन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमले के दौरान बीच-बचाव करने आए विजयभान यादव को भी गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

ग्रामीणों की मदद से परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए आजमगढ़ सदर अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने रामभवन यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। परिजन घायल को निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। विजयभान का इलाज जारी है। मृतक रामभवन यादव के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सीओ जितेंद्र सिंह के अनुसार मृतक की पत्नी की तहरीर पर दो महिलाओं सहित चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।