



आजमगढ़ बरदह थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को तब दबोचा जब वह कहीं भागने की फिराक में था। बरामद किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई हैं।
पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक घटना बीते साल 2 दिसंबर 2025 की है। वादिनी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव का ही युवक विनय (पुत्र सुबेदार, निवासी: बरौना) उसकी 15 वर्षीय बेटी को शाम के वक्त बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने 3 दिसंबर को बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने अथक प्रयास कर 21 जनवरी 2026 को किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ और बयान के दौरान किशोरी ने खुलासा किया कि आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। इस पर पुलिस ने मूल मुकदमे में बीएनएस की धारा 65(1) (दुष्कर्म) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(J)(2)/6 की बढ़ोतरी की।
शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे उपनिरीक्षक संजय कुमार, कांस्टेबल विद्याकान्त और ललित सरोज की टीम ने मुखबिर की सूचना पर खराट इलाके की घेराबंदी कर आरोपी विनय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
