#गलत ट्रांजैक्शन से गंवाए पैसे, पुलिस की सक्रियता से वापस मिले 9,200 रुपये#


आजमगढ़ डिजिटल लेनदेन के दौर में छोटी सी चूक भी भारी पड़ सकती है, लेकिन अगर समय रहते सही कदम उठाया जाए तो नुकसान की भरपाई संभव है। अतरौलिया थाना पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क ने तत्परता दिखाते हुए एक पीड़ित को उसके खाते से कटे पैसे वापस दिलाकर राहत पहुंचाई है।
​पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक चिश्तीपुर (अतरौलिया) निवासी मोहित कुमार पुत्र पथरु के साथ पिछले साल 20 जून 2025 को एक घटना हुई थी। ऑनलाइन पेमेंट के दौरान गलती होने के कारण उनके खाते से कुल 20,200 रुपये डेबिट हो गए थे। घबराए पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई थी, जिसे अतरौलिया थाने की साइबर हेल्पडेस्क को हस्तांतरित किया गया।
मामला संज्ञान में आते ही अतरौलिया थाने के साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष कुमार ने बैंक से संपर्क साधा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ठगी गई रकम में से 9,200 रुपये को ‘होल्ड’ (Freeze) करा दिया गया था।
रकम होल्ड होने के बाद पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी की। माननीय न्यायालय से ‘फंड रिलीज ऑर्डर’ प्राप्त होने के बाद बैंक के माध्यम से पीड़ित मोहित कुमार के खाते में 9,200 रुपये सकुशल वापस करा दिए गए। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर पीड़ित ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या गलत ट्रांजैक्शन होने पर तत्काल 1930 नंबर पर कॉल करें। जितनी जल्दी सूचना मिलेगी, पैसा वापस मिलने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।