#सीने पर वार कर युवक की हत्या, पहले सामान्य मौत मान रही थी पुलिस, पोस्टमार्टम से सामने आया सच#

- Advertisement -

सोनीपत में इंडियन कालोनी के रहने वाले विवेक उर्फ सन्नी की मौत साधारण नहीं थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डाक्टरों ने बताया है कि उसकी छाती में किसी नुकीले हथियार से वार किए गए थे। इसके बाद सिटी थाना पुलिस द्वारा की गई 174 की कार्रवाई अब मर्डर की धारा 302 में बदल गई है। जहां शव मिला, वहां रात को विवेक, महिला निशा और एक युवक सागर ने शराब पी थी। पुलिस अब दोनों से पूछताछ करेगी।
खाने का सामान लेने घर से निकला था युवक
शंभू दयाल माडर्न स्कूल से रिटायर्ड एसएस मास्टर बलबीर सिंह अपने बेटे विवेक के साथ फिलहाल इंडियन कालोनी में चाइल्ड प्ले स्कूल वाली गली में रहते हैं। उनका छोटा बेटा विवेक शादीशुदा है। विवेक आठ मार्च को शाम साढ़े सात बजे घर से बच्चों के लिए खाने का सामान लेने के लिए निकला था। इसके बाद वह रातभर घर नहीं लौटा। अगले दिन नौ मार्च को बलबीर मास्टर को पुलिस ने सूचना दी कि ककरोई रोड पर प्रेम नगर की गली दो में उनका बेटा विवेक मृत हालत में पड़ा है।
शरीर पर थे चोर के निशान
बलबीर इसके बाद अपने जानकार गांव चिटाना के जयपाल के पास वहां पहुंचा। यह मकान नरेला दिल्ली के संजय के नाम पर है। वहां मकान के साथ बने पहले कमरे में लोहे के फोल्डिंग पर कमर के बल विवेक की लाश पड़ी हुई थी। विवेक के शरीर पर तीन जगह चोट के पांच निशान थे। कमरे में महिला समेत तीन लोग थे, आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तो वे विवेक की मौत के बारे में कुछ नहीं बता सके। इस बीच पता चला कि रात को कमरे में विवेक के साथ निशा नाम की एक लड़की और रायपुर गांव का सागर भी था।
पेट व छाती पर किए गए थे कई वार
तीनों ने रात को शराब पी थी। मौके से ऐसा कुछ नहीं मिला कि जिससे लगे कि विवेक की हत्या की गई है। पुलिस ने उसके पिता के बयान दर्ज कर धारा 174 में कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। मृतक विवेक के शव का शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।

सिटी थाना पुलिस को शाम को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिली तो विवेक की साधारण सी लगने वाली मौत का मामला हत्या में बदल गया। डाक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लिखा कि शव पर चोट के जो निशान हैं, वे मौत से पहले के हैं। विवेक की छाती -पेट पर कई वार किए गए थे। चोटें एक नुकीले हथियार से की गई। इनकी वजह से मौत हुई है। शव का विसरा लैब भेजा गया है।

धारा 302 के तहत केस दर्ज
मामले की जांच में लगे सिटी थाना के एसआइ चैन सिंह ने बताया कि संजय के किराए के मकान में विवेक उर्फ सन्नी का शव मिला था। उसके बलबीर मास्टर ने बेटे की पहचान की थी। आरंभ में नहीं पता था कि मौत कैसे हुई है। मृतक के पिता ने पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि विवेक की हत्या हुई है। पुलिस ने धारा 302 के तहत केस दर्ज किया है। छानबीन जारी है।

- Advertisement -