Agra: अमर उजाला की मुहिम से जुड़े खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी, बोले- आगरा को सफाई में बनाएंगे नंबर वन

- Advertisement -

आगरा को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए अमर उजाला की मुहिम से लगातार लोग जुड़ रहे हैं। खेल संघों के अध्यक्ष, सचिव व विभिन्न खेलों के खिलाड़ी इस मुहिम का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर को सफाई में नंबर वन बनाने के लिए रैलियां निकालेंगे। लोगों को जागरूक करेंगे।
असंभव को संभव करेंगे… आगरा को स्वच्छता सर्वे में नंबर-1 बनाएंगे। इसी जोश के साथ अमर उजाला की मुहिम को मुकाम तक पहुंचाने के लिए खेल संघों के पदाधिकारी, कोच और खिलाड़ी स्वच्छता सर्वे अभियान से जुड़ रहे हैं। रविवार को अमर उजाला कार्यालय सिकंदरा के माधव हॉल में आयोजित बैठक में खेल संघों के अध्यक्ष, सचिव व विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने अमर उजाला की इस मुहिम को शानदार पहल बताया।
जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विनोद शीतलानी ने कहा कि ताजमहल, जूता और पेठा के बाद आगरा को देश में नई पहचान दिलाने की जो मुहिम अमर उजाला ने शुरू की है, वह सराहनीय है। हमारी जिम्मेदारी और जोश हमें मुकाम तक पहुंचाएगा। राष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी राजकुमार अत्री और राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी विकांशी चौहान ने रोज दो लोगों को जागरूक करने की शपथ ली। जिला भारोत्तोलन संघ के सचिव हरदीप सिंह ने खेल एकेडमियों में इस अभियान को चलाने पर जोर दिया।
सफाई की ताकत बताएंगे
एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच कल्पना चौधरी ने कहा कि खिलाड़ियों में स्वच्छता सर्वे अभियान के लिए भी नंबर-1 बनने का जोश पैदा किया जाएगा। उन्हें सफाई की ताकत बताई जाएगी।

खिलाड़ियों के ग्रुप बनाएंगे
जिला बास्केटबाल संघ के संयुक्त सचिव रीनेश मित्तल का कहना है कि शहर को नंबर-1 बनाने के लिए खिलाड़ियों के ग्रुप तैयार किए जाएंगे।
स्वच्छता की शपथ दिलाएंगे
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि जिला स्तर की शतरंज चैंपियनशिप शुरू होने से पहले खिलाड़ियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। रोज एक व्यक्ति को जागरूक करने का लक्ष्य रखा जाएगा।
जागरूकता अभियान चलाएंगे
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ आगरा (डीसीएए) के पूर्व संयुक्त सचिव तपेश शर्मा ने कहा कि ऐसी व्यवस्था अगले महीने तक तैयार कर लेंगे कि एकेडमियों के खिलाड़ी हफ्ते में एक दिन बाजार में सफाई जागरूकता अभियान चलाएं।
कॉलोनी, बस्ती में जाएंगे
आइस स्टॉक एसोसिएशन की सचिव डॉ. किरन कश्यप ने कहा कि सही तरीके से कूड़े का निस्तारण हो, इसके लिए खिलाड़ियों का दल हफ्ते में एक बार अपने एकेडमी के पास की कॉलोनी या बस्ती में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाएगा।
खिलाड़ियों को जिम्मेदारी सौंपेंगे
मुक्केबाजी कोच गौरव सिंह का कहना है कि स्वच्छता अभियान के लिए खिलाड़ियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। एकेडमी में आने वाले मुक्केबाजों के मोबाइल डीपी में भी आगरा को नंबर-1 बनाने का मिशन दिखाई देगा। अन्य से अभियान का हिस्सा बनने की अपील की जाएगी।
मैच से लोगों को जागरूक करेंगे
आगरा हॉकी मास्टर के अध्यक्ष राजीव सोई ने कहा कि स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत स्टेडियम के सिंथेटिक टर्फ पर इसी महीने ट्रॉफी मैच आयोजित होंगे। इसके माध्यम से खिलाड़ियों और शहर के लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मुहिम को शिखर तक पहुंचाएंगे
क्रिकेट कोच डॉ. निशात हुसैन ने फ्रेंडली क्रिकेट मैच के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुहिम को शिखर तक पहुंचाने के लिए कोचों की जिम्मेदारी अहम है। कोच की बात खिलाड़ी काफी हद तक मानते भी हैं।
मुख्य द्वार पर बैनर लगवाएंगे
जिला वुशू संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि शहर में वुशू की सभी एकेडमियों के मुख्य द्वार पर बैनर लगवाएंगे। इसके माध्यम से खिलाड़ियों और लोगों में भी स्वच्छता का भाव पैदा होगा।
स्वच्छता रैली निकलवाएंगे
अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन सत्येंद्रेश्वरी किरन ने स्वच्छता के लिए खिलाड़ियों की रैली निकालने के बात कही। उन्होंने कहा कि हफ्ते में एक दिन एकेडमियों के आसपास के इलाके में साफ-सफाई सिखाने के लिए रैली निकाली जाएगी।