



आजमगढ़। शासन की स्थानांतरण नीति के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इसी क्रम में आजमगढ़ मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) नवल किशोर को शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज से संबद्ध कर दिया गया है। उनकी जगह उप शिक्षा निदेशक, शिविर कार्यालय लखनऊ में तैनात राजेश कुमार आर्य को आजमगढ़ मंडल का नया संयुक्त शिक्षा निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेन्द्र कुमार गुप्ता को उनके पद से हटाकर शिक्षा निदेशालय माध्यमिक, प्रयागराज से संबद्ध कर दिया गया है। उनके स्थान पर आजमगढ़ में मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) के पद पर कार्यरत मनोज कुमार मिश्रा को बलिया का नया जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया गया है। शासन के इस निर्णय को शिक्षा विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद संबंधित जनपदों और मंडलों में नई जिम्मेदारियों के साथ कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग में हुए इस फेरबदल की चर्चा पूरे पूर्वांचल में हो रही है और इसे विभागीय कार्यप्रणाली में नई गति लाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

