#समाजवादी पेंशन योजना फिर लाएंगे, महिलाओं को देंगे 40 हजार रुपये सालाना : अखिलेश यादव#


 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में अपनी पार्टी की आगामी योजनाओं के बारे में जानकारी देने के साथ योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार की आ रही खबरों पर चुटकी भी ली।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन योजना फिर से शुरू की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के सम्मान के लिए एक नई योजना को लागू कर सालाना 40 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

‘हथेली गरम तो पुलिस नरम’

अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ‘कानून व्यवस्था की हत्या’ हो रही है और पुलिस से राजनीतिक काम कराया जा रहा है। ‘हथेली गरम तो पुलिस नरम’ की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं।

वाराणसी में एक डिग्री कालेज में खुलेआम हत्या और मथुरा में एक साधु की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में आम आदमी सुरक्षित नहीं है। गोरखपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा है कि गोरखपुर में तो लॉ एंड ऑर्डर की ही हत्या हो गई है। जनता से अपील है कि इस सरकार को हटाए बिना लॉ एंड ऑर्डर बेहतर नहीं हो सकता।

मुकद्दर से मिल रहा गैस सिलिंडर

सपा मुखिया ने गैस सिलिंडर की किल्लत पर कहा कि यह मुकद्दर से मिल रहा है। झांसी में सिलेंडरों से भरा ट्रक गायब होने के मामले में उन्होंने भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका पर भी आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि झांसी में गैस सिलिंडर लदा जो ट्रक गायब हुआ था, वह बीजेपी नेताओं ने गायब किया था। अखिलेश यादव ने दावा किया है कि सिलिंडर ट्रक चोरी में बीजेपी के बड़े-बड़े नेता शामिल थे, जब ट्रक वापस किया गया तो उनमें आधे से अधिक सिलेंडर खाली थे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में शुरू की गई रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड और यश भारती जैसे सम्मान कार्यक्रमों से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता था, लेकिन उन्हें बंद कर दिया गया।

मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं पर तंज

मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं पर तंज कसते हुए कहा कि बजट खत्म हो चुका है तो विस्तार हो रहा है। असली विस्तार 2027 में सरकार बदलने पर होगा। ये रूठे हुए को मनाने वाला (विस्तार) है। जब बजट पूरा खर्च हो गया है, तब मंत्री बनेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि सुनने में आ रहा है कि कई विभागों का बजट जल्दी-जल्दी स्वीकृत हो रहा है।

मानकों के खिलाफ बना ग्रीन कॉरिडोर

ग्रीन कॉरिडोर परियोजना की डिजाइनिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह मानकों के खिलाफ बना है। अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोशिश की होगी कि एक ग्रीन कॉरिडोर बन जाए, लेकिन मुख्यमंत्री ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं बनाया, बर्बाद कॉरिडोर बनाया है। ग्रीन कॉरिडोर में पैदल चलने वालों के लिए जगह भी नहीं है। ये मानक के खिलाफ सड़क डिजाइन हुई है। पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों के लिए जगह नहीं है और हर चौराहे पर पुलिस लगानी पड़ेगी, जिससे यातायात और जटिल ही होगा।

ममता बनर्जी अकेले चुनाव जीत रहीं

बंगाल चुनाव पर कहा कि ममता बनर्जी अकेले चुनाव जीत रही हैं। भाजपा चुनावी फायदा उठाने के लिए अधिकारियों में बदलाव कर रही है और अप्रैल से उत्तर प्रदेश में भी अपने लोगों को तैनात करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता से सरकार की नींद उड़ी हुई है। पीडीए के सत्ता में आने पर महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।