#यूपी कालेज में छात्र की गोली मारकर हत्‍या, आक्रोश‍ित छात्राें ने गेट बंद कर क‍िया व‍िरोध प्रदर्शन, भारी पुल‍िस फोर्स मौके पर#


उदय प्रताप कालेज में शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे छात्रों के बीच हुए एक विवाद के चलते एक छात्र को गोली मारने की घटना ने परिसर में हड़कंप मचा दिया है।बीएसी गण‍ित चतुर्थ सेमेस्‍टर वर्ष के कपसेठी न‍ि‍वासी छात्र सूर्यप्रताप सिंह को आरोप है क‍ि पूर्व के व‍िवाद की वजह से चांदमारी न‍िवासी छात्र मनजीत ने सीने के नजदीक से गोली मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल छात्र को इलाज के ल‍िए न‍िकली लेक‍िन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ द‍िया। घटना के बाद, कालेज में छात्र के मौत की सूचना म‍िलने के बाद पढ़ाई कर रहे बाकी छात्रों को पुलिसकर्मियों द्वारा पर‍िसर से सुरक्षा कारणों से बाहर निकाला गया।

हत्‍या का आरोपित छात्र मंजीत सिंह। (फाइल फोटो)

वहीं यूपी कालेज पर‍िसर में छात्र के इलाज के दौरान मौत होने की जानकारी म‍िलने के बाद आक्रोश‍ित छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों ने आसपास की दुकानों पर जाकर व‍िरोध करते हुए उनको बंद कराया तो कुछ जगहों पर तोड़फोड़ करने की भी घटना सामने आई। हालांक‍ि बाद में गेट बंद कर छात्र प्रदर्शन करने लगे और प्राचार्य के इस्‍तीफे की भी मांग की।

हालांक‍ि पुल‍िस अध‍िकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने बुझाने की कोश‍िश की। मगर छात्र आक्रोश‍ित नजर आए और नारेबाजी करते रहे। पुल‍िस इस मामले में तहरीर म‍िलने का इंतजार रही है। बताया गया क‍ि जांच के ल‍िए फॉरेंस‍िक टीम ने साक्ष्‍य संकल‍ित कर ल‍िए हैं। आरोप‍ित की पहचान कर ली गई है, पुल‍िस टीम जल्‍द ही आरोप‍ित को ह‍िरासत में ले लेगी।

वारदात के बाद यूपी कालेज के बाहर फोर्स तैनात की गई। 

वहीं गोली लगने के बाद पुल‍िस सिंह मेडिकल में लेकर पहुंची जहां चिकित्सकों ने सूर्यप्रताप की हालत गंभीर बताया। इसके बाद उसे बीएचयू ले जाया गया जहां छात्र ने दम तोड़ द‍िया। इस घटना ने कालेज के छात्रों और शिक्षकों के बीच चिंता और भय का माहौल बना दिया है। हालांक‍ि छात्र की मौत के बारे में जानकारी होने के बाद प‍र‍िसर के छात्र आंदोल‍ित हो गए और नारेबाजी करने लगे।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मौजूद छात्रों से पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। कालेज प्रशासन ने भी इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है और छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है। वहीं नारेबाजी शुरू होने के बाद पुल‍िस टीम भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्‍यवस्‍था दुरुस्‍त करने में जुट गए।

वारदात के बाद यूपी कालेज में फॉरेंस‍िक टीम ने भी जांच की। 

उदय प्रताप कालेज में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है, लेकिन इस बार की घटना ने सभी को चौंका दिया है। स्थानीय निवासियों और छात्रों का कहना है कि कालेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। छात्रों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल उनकी पढ़ाई को प्रभावित करती हैं, बल्कि उनके जीवन को भी खतरे में डालती हैं।

वहीं वारदात की जानकारी होने के बाद स्‍थानीय छात्रों और कालेज प्रशासन की सक्र‍ियता से गोली लगने के बाद छात्र को वहां से सुरक्ष‍ित करने के बाद इलाज के ल‍िए ले जाने की व्‍यवस्‍था की गई। आनन फानन गोली चलने के बाद पर‍िसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल भी बना रहा।

गोली लगने से मृत छात्र सूर्या सिंह।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले में सख्त कार्रवाई करेंगे और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ेंगे। इस घटना के बाद, कालेज में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है। बताया गया क‍ि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपि‍त छात्र पिस्टल को निकट कचरे में फेककर भाग गया। गोली चलने की आवाज सुनकर छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी।

गुस्साए छात्र कालेज के मुख्य गेट को बंद कर हंगामा कर रहे हैं। वारदात की भनक लगते ही डीसीपी प्रमाेद कुमार भारी फोर्स के साथ  मौके पर पहुंच गए थे। उधर, एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि गोली सीने के ऊपर लगी है। स्‍थ‍ित‍ि गंभीर होने की वजह से इलाज के ल‍िए भेजा गया जहां मौत हो गई।

वारदात के बाद यूपी कालेज पर‍िसर में पुल‍िस और फॉरेंस‍िक टीम ने भी साक्ष्‍य संकल‍ित क‍िए। 

इस तरह हुई वारदात

कपसेठी का रहने वाला सूर्य प्रताप रोज की तरह कालेज आया था। वह सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में मौजूद था। इसी दौरान असलहाधारी बदमाश मनजीत उसके पास आया और लक्ष्य करके ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगा। जब तक सूर्य प्रताप संभलता तीन गोलियां उसके शरीर में दाखिल हो गईं। खून से लथपथ वह जमीन पर गिर पड़ा और उसकी कापी व किताबें बिखर गईं। घटना के बाद हमलावर वहां से भागने लगा। कुछ दूर पर ही उसने कूड़े में पिस्टल फेंक दिया और फरार हो गया। घटना से यूपी कालेज परिसर में हड़कंप मच गया।