#आजमगढ़ : आईसीयू में घुसकर स्टाफ नर्स से मारपीट, पिस्टल सटाकर दी जान से मारने की धमकी#


सपा विधायक के साथ आए युवक पर गंभीर आरोप, मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। शहर के एक निजी अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब आईसीयू वार्ड में ड्यूटी कर रहे स्टाफ नर्स के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। पीड़ित की तहरीर पर शहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार तहबरपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी सूरज मौर्या, जो सलमानी हॉस्पिटल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया कि 19 मार्च को वह आईसीयू वार्ड में बेड नंबर 6 पर भर्ती मरीज राजनेत यादव की देखभाल कर रहे थे। इसी दौरान करीब 3:30 बजे सपा विधायक नफीस अहमद मरीज से मिलने पहुंचे और बातचीत करने लगे। पीड़ित के अनुसार, निर्धारित समय पूरा होने के बाद उन्होंने विधायक से बाहर जाने का अनुरोध किया, जिससे वह नाराज हो गए। इसी बीच उनके साथ आए एक युवक, जिसका नाम गुफरान बताया गया है, ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि गुफरान ने कमर में खोंसी पिस्टल निकालकर स्टाफ नर्स की कनपटी पर सटा दी और जान से मारने की धमकी दी। सूरज मौर्या ने बताया कि बचाव के दौरान पिस्टल नीचे गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने उनका गला दबाने का प्रयास किया और उनके साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर अस्पताल में अन्य लोग इकट्ठा होने लगे, जिस पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में आरोपी गुफरान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।