#Azamgarh News: सरल रहा उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर#


उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत आसान बताया, जिसके कारण मेरिट अधिक जाने की संभावना जताई जा रही है। जिले में भर्ती परीक्षा शनिवार से 12 केंद्रों पर शुरू हुई थी। दूसरे दिन भी परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली। इसमें पंजीकृत 5040 अभ्यर्थियों में से 3728 ने परीक्षा दी जबकि 1312 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 5040 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3770 उपस्थित हुए और 1270 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। प्रश्नपत्र में हिंदी विषय से जुड़े कई सवाल शामिल रहे। इसमें लोकोक्ति ‘बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से होए’ का अर्थ तथा ‘आधा तीतर आधा बटेर’ जैसे मुहावरों के अर्थ पूछे गए। इसके अलावा सामान्य अध्ययन और डेटा इंटरप्रिटेशन से जुड़े प्रश्न भी शामिल थे। परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की निगरानी की गई, जबकि अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र संतुलित था और अधिकतर प्रश्न आसान थे।कुल मिला कर पेपर अपने आप को संतुलित था । सारे विषय से प्रश्नों को पूछा गया था। अन्य पाली के पेपर की तरह आसान होने के कारण मेरिट काफी जाएगी। पेपर में जीएस डीआई के प्रश्न कठिन लगा और तो सारे प्रश्न बहुत ही आसान लगे।-वंदना कुमारी।पेपर बहुत आसान रहा। 2021 के पेपर से इस बार डीआई के प्रश्न कुछ उलझे लग रहे थे। सभी विषय से प्रश्नों को आसान पूछा गया था। पेपर आसान होने के कारण मेरिट काफी जाएगी। पेपर में जीएस का पेपर कठिन लगा और तो सारे प्रश्न बहुत ही आसान लगे। मेरिट हाई जाएगी।-सूर्या कुमार।

यूपीएसआई की भर्ती परीक्षा रविवार को सकुशल संपन्न हो गई। दो दिनों में परीक्षा का सफलता पूर्वक संचालन किया गया। कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली। -गंभीर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व।