



कॉलेज परिसर से रेलवे स्टेशन तक निकली जागरूकता रैली
आजमगढ़। मां प्रभावती बी.पी.जी. कॉलेज में नेशनल सर्विस स्कीम (एनएसएस) के तहत स्वच्छता अभियान रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत कॉलेज परिसर से हुई। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाते हुए सुराई, काशीपुर, सठियांव ब्लॉक एवं रेलवे स्टेशन होते हुए पुनः कॉलेज परिसर पहुंचकर रैली का समापन किया। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। रैली के उपरांत कॉलेज में सफाई मुहिम के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। सोबैरेयाज़ी विभाग के लेक्चरर मो. शाहिद जमाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सफाई का अर्थ अपने आसपास के वातावरण, शरीर, वस्तुओं और स्थान से गंदगी, धूल, दाग-धब्बे, कीटाणु और अवांछित अशुद्धियों को हटाकर उसे स्वच्छ और कीटाणु-मुक्त बनाना है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजनाथ यादव ने कहा कि नियमित सफाई से हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस नष्ट होते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा कम होता है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ वातावरण मानसिक शांति और कार्यक्षमता (प्रोडक्टिविटी) बढ़ाने में भी सहायक होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के मैनेजर अवधेश यादव तथा संचालन ताबिश अली ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल मोअज्जम आज़मी, तेजबहादुर भारती, किरन यादव, शीला प्रजापति, श्री प्रकाश उर्फ निराला, राना कमर, नाहिद परवीन, हेरा उम्मम, साबिस्तान जहरा, दीन दयाल, जयप्रताप, जयसिंह यादव, संदेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
