शरीर पर कई चोटों के निशान, दाहिना पैर टूटा; शिनाख्त नहीं
पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव, हादसा या हत्या, जांच जारी
आजमगढ़। जनपद के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत जिवली बाजार में शनिवार की सुबह एक लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव जिवली बाजार स्थित यूबीआई बैंक के निकट, आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर महताब आलम के मकान के सामने नीम के पेड़ से सटा हुआ पाया गया। ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक ने नीली जींस, काली शर्ट और काला हाफ जैकेट पहन रखा था। चेहरे पर दाढ़ी थी। शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं तथा दाहिना पैर नीचे से टूटा हुआ बताया जा रहा है। शव के पास एक जोड़ी चप्पल भी मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर शव को यहां फेंका गया हो सकता है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को सड़क दुर्घटना से जोड़कर भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान कराने और घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के बाद जिवली बाजार क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। इस बाबत थानाध्यक्ष बरदह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना मार्ग दुर्घटना प्रतीत हो रही है। पुलिस घटना की जांच में जुड़ गई है।