#एंटी करप्शन ने बिजली विभाग के #जेई व संविदा कर्मी को 8000 रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार…#


गाजीपुर। गाजीपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी और धमाकेदार कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के नंदगंज परिक्षेत्र में तैनात एक अवर अभियंता (JE) और एक संविदा कर्मी को ₹8000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पूरे विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया है और कर्मचारी सकते में हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वाराणसी एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक को दी गई शिकायत के आधार पर की गई। नारी पचदेवरा निवासी धर्मेंद्र यादव ने बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी, जिस पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया।
टीम ने नंदगंज विद्युत पावर हाउस से जुड़े मामले में अवर अभियंता इंद्रजीत कुमार और सहायक लाइनमैन (संविदा कर्मी) प्रमोद यादव को कुसमी कला क्षेत्र से रिश्वत की रकम लेते हुए दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम ने दोनों आरोपियों को गाजीपुर पुलिस के हवाले कर दिया है। साथ ही मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई के लिए लिखित तहरीर भी सौंप दी गई है।