#लंबित मामलों को जल्द करें पूर्ण : सीओ जितेंद्र सिंह#


लंबित मामलों को जल्द करें पूर्ण : सीओ जितेंद्र सिंह
विवेचकों को दिए शीघ्र निस्तारण के निर्देश
दोहरीघाट (मऊ)।
थाने में गुरुवार को आयोजित अपराध नियंत्रण एवं विवेचना समीक्षा बैठक में क्षेत्राधिकारी (सीओ) जितेंद्र सिंह ने सभी विवेचकों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। बैठक में थाने के सभी विवेचकों से लंबित प्रकरणों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट मांगी गई। कई मामलों में धीमी गति से हो रही विवेचना पर सीओ ने नाराजगी जताई।
सीओ जितेंद्र सिंह ने कहा कि लंबित मामलों के चलते पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी होती है और इससे पुलिस की कार्यकुशलता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक विवेचक अपनी विवेचना की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करे और महत्वपूर्ण बिंदुओं पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष तौर पर गंभीर व संवेदनशील अपराधों की विवेचना को प्राथमिकता देने, केस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने और साक्ष्य संकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। सीओ ने साफ कहा कि अगली समीक्षा बैठक में यदि किसी विवेचक की प्रगति असंतोषजनक पाई गई, तो विभागीय कार्रवाई तय होगी।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी ने सभी उपनिरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे आदेशों का पालन करते हुए प्रत्येक मामले की विवेचना निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित रूप से पूरी करें। अपराध नियंत्रण को लेकर विभिन्न रणनीतियों पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने क्षेत्र की जनता से भी सहयोग की अपील की और कहा कि सूचना तंत्र मजबूत होने से अपराध पर प्रभावी रोकथाम संभव है।