#यूपी: भाजपा की बी टीम होने के आरोप में बिफरीं मायावती, गेस्ट हाउस कांड के साथ गिनाए ये पुराने मुद्दे#




महापुरुषों के नाम पर बने स्मारकों के रखरखाव के लिए टिकटों का पैसा इस्तेमाल करने पर प्रदेश सरकार का आभार जताने पर कांग्रेस और सपा द्वारा बहुजन समाज पार्टी को भाजपा का सहयोगी बताए जाने के आरोपों का बसपा सुप्रीमो मायावती ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि बसपा की राजनीतिक ईमानदारी व सदाशयता भी सपा व कांग्रेस जैसी विरोधी पार्टियों को अच्छी नहीं लगनी स्वाभाविक है, क्योंकि उनके चरित्र में राजनीतिक ईमानदारी का साहस नहीं है। वहीं रैली में सरकारी बसों के इस्तेमाल के आरोपों का भी पलटवार करते हुए कहा कि आधारहीन बातें करके ये दल अपना मजाक खुद ही उड़ा रहे हैं।

बसपा सुप्रीमो बृहस्पतिवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय पर यूपी और उत्तराखंड के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने पार्टी संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित रैली को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों का आभार जताया और सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करने के लिए आगामी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में तन, मन, धन के साथ जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा करोड़ों गरीबों, शोषितों-पीड़ितों के खून-पसीने के सहयोग से चलने वाली पार्टी है। बसपा ने दूसरी पार्टियों की तरह वोट के राजनीतिक स्वार्थ की खातिर नहीं, बल्कि देशहित में कार्य किए हैं। किराये पर रैली व जनसभा आदि करने वाली विरोधी पार्टियों के नेता बसपा की रैली के सफल होने पर ’खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसा बर्ताव कर रहे हैं, जो इनकी जातिवादी चाल, चरित्र व चेहरे का प्रमाण है।
