



ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां मरदह थाना अंतर्गत एक तरफ गांव में पूजन की तैयारियां चल रही थीं तो दूसरी ओर मौत मंडरा रही थी वहीं सुबह 7:30 बजे वह टूट पड़ी। गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के नरवर गांव में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया कशीदास बाबा के पूजन कार्यक्रम के लिए मंडप तैयार किया जा रहा था, तभी अचानक एक बांस ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया एक ही पल में खुशियां मातम में बदल गईं। तेज करंट की चपेट में आकर चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग ज़िंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में छोटेलाल यादव (35), रविंद्र यादव उर्फ कल्लू (29), गोरख यादव (23) और अमन यादव (19) शामिल हैं। सभी की मौत मौके पर ही हो गई।

घटना के वक्त चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग मदद के लिए दौड़े, तो कुछ बेसुध होकर रोने लगे। घायल हुए अभिरिक यादव (16), संतोष यादव (32) और जितेंद्र यादव (30) को गंभीर हालत में मऊ के फातिमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी डॉ. ईरज राजा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पूरे नरवर गांव पर मातम छा गया है।
गाजीपुर से शमीम अंसारी की रिपोर्ट
