#LOK SABHA ELECTION:यूपी में सपा और कांग्रेस का गठबंधन तय! बैठक के बाद सीट बंटवारे पर क्या बोले रामगोपाल यादव#

- Advertisement -

विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए में शामिल समाजवादी पार्टी व कांग्रेस की सीटों के बंटवारे को लेकर आज नई दिल्ली में बैठक हुई। इस बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के सासंद रामगोपाल यादव ने कहा कि आधा रास्ता तय कर लिया है, आधा रास्ता जल्द ही तय कर लेंगे। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा गया कि क्या आप बीएसपी को साथ लेंगे, तो उन्होंने कहा कि यह तो बीएसपी से पूछिए कि वह आएगी या नहीं आएगी। हम अभी कांग्रेस से बात कर रहे हैं और कांग्रेस हम से बात कर रही है।

पांच सदस्यीय पैनल तैयार
बता दें कि पहले यह बैठक 12 जनवरी को होनी थी, लेकिन यूपी कांग्रेस प्रदेश इकाई इसके लिए तैयारी नहीं थी, जिसके कारण इस बैठक को स्थगित कर दिया गया था। समाजवादी पार्टी ने हाल ही में सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा के लिए पांच सदस्यीय पैनल बनाया था। इसमें सपा प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, राज्यसभा सदस्य जावेद अली, वरिष्ठ विधायक लालजी वर्मा, विधायक संग्राम सिंह यादव और पूर्व विधान परिषद सदस्य उदयवीर सिंह शामिल हैं।

दमदार प्रत्याशियों की लिस्ट
सपा मुखिया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर इसकी जानकारी भी दे दी थी। रामगोपाल यादव के पास बुधवार को कांग्रेस के साथ होने वाली बैठक के लिए सूचना आ गई थी। सपा पैनल में शामिल सभी सदस्यों को सूचित किया गया। सपा ने कांग्रेस से उन सीटों की सूची मांगी है जिनमें उसके पास दमदार प्रत्याशी हैं। सपा भी अपनी सूची कांग्रेस के सामने रखी।

- Advertisement -

लोकसभा चुनाव की तैयारी
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसदों व पूर्व विधायकों की बैठक 20 जनवरी को प्रदेश मुख्यालय में सुबह 10 बजे से होगी। इसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उपस्थित रहेंगे। लोकसभा चुनाव की रणनीति को धार देने के लिए सपा अध्यक्ष अलग-अलग समूहों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। यह बैठक भी उसी का हिस्सा है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने 20 जनवरी की इस बैठक के बारे में सभी पत्र लिखकर आमंत्रित किया है। इसमें पार्टी पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं पूर्व एमएलसी को बुलाया गया है।