



कर्नलगंज,गोण्डा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाऐं थमने का नहीं ले रही हैं और बेखौफ चोरों के हौंसले बुलंद हैं जो आये दिन लोगों के घरों और दुकानों में घुसकर चोरी की बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।ताजा मामला कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में सामने आया है।
शनिवार की रात गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर दो थोक विक्रेताओं के यहाँ बेखौफ चोरों ने शटर काटकर लाखों की नकदी और सामान पार कर दिया। पीड़ित दोनों व्यापारियों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर सनराइज गार्डन के समीप एमए टेक्सटाइल कपड़े की थोक दुकान का चोरों ने शटर काटा और अंदर प्रवेश कर गए,जहां नकदी और महंगे कपड़े चोरी कर ले गए। दुकान के मालिक मोहम्मद लईक ने बताया कि बैंक बंद होने की वजह से दुकान में रखा करीब ढाई लाख रुपए और करीब तीन लाख से अधिक के महंगे सूट कपड़े चोरी हो गए। वहीं से 50 मीटर की दूरी पर स्थित राधे राधे ट्रेडर्स के नाम से नमकीन बिस्कुट की थोक दुकान पर भी चोरों ने धावा बोला। चोरों ने शटर काटकर करीब 60 हजार रुपए के रेजकारी और 13 हजार रुपए के नोट सहित दुकान में रखा कीमती सामान चोरी कर ले गये। दुकानदार विशाल कुमार निवासी सकरौरा ने बताया कि नकदी और सामान मिलाकर करीब 90 हजार रुपए की चोरी हुई है। रविवार की सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे एसएसआई रामप्रकाश चंद्र ने जांच पड़ताल किया है। दोनों व्यापारियों का कहना है कि घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक से जानकारी करने हेतु सीयूजी नंबर पर संपर्क किया गया लेकिन उनका फोन नेटवर्क क्षेत्र से बाहर था।

