#Delhi Crime: वेस्ट विनोद नगर में चोरी के शक में शख्स की पीट-पीटकर हत्या, तीन गिरफ्तार#

- Advertisement -

पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर इलाके में चोरी के शक में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान वेस्ट विनोद नगर निवासी सोनू (26) के तौर पर की गई है। हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि वेस्ट विनोद नगर जल बोर्ड दफ्तर के पास चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक युवक घायल पड़ा हुआ था। उसे तुरंत इलाज के लिए लाल बहादुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोनू जल बोर्ड के दफ्तर के सामने झुग्गी बस्ती में रहता था।
चोरी के शक में कर दी बुरी तरह पिटाई
पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने चोरी के शक में सोनू की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिस कारण उसे बहुत चोटें आई और उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी जीवन, अश्विनी और राकेश को गिरफ्तार किया है। यह तीनों मजदूरी करते हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।