#ओडिशा में साथ खेल रहे 15 साल के लड़के ने बच्ची से किया दुष्कर्म, रोते हुए मासूम ने मां से कही दरिंदगी की कहानी#

ओडिशा के जाजपुर जिले में 15 साल के एक लड़के ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया है। पीड़ित लड़की की उम्र 11 साल है। पीड़िता की मां ने बालीचंद्रपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार की यह घटना है। लड़की की मां ने सोमवार रात बालीचंद्रपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, तब मामला सामने आया।

पीड़िता की मां के अनुसार, उसकी बेटी रविवार शाम को घर के सामने अपने पड़ोसी के लड़के के साथ खेल रही थी। इसी बीच, लड़का बच्ची को बुलाकर अपने घर की छत पर ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ जबरदस्ती की।

बच्ची रोते हुए घर वापस गई। उसने अपनी मां को प्राइवेट पार्ट में दर्द होने की बात कही। बच्ची ने पूछने पर बताया कि पड़ोस में रहने वाले लड़के ने उसके साथ अश्लील हरकत की। जिसके बाद, परिजन पीड़ित बच्ची को इलाज के लिए बड़चना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

पीड़िता बड़चना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इसके बाद लड़की की मां ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
वारदात के बाद से लड़का घर से फरार है। बालीचंद्रपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक रमाकांत मुदुली ने कहा है कि लड़का अभी भी फरार है और हम उसकी तलाश कर रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।