



आजमगढ़। मंडल रेल प्रबंधक (वाराणसी) ने यात्री सुविधाएं बढ़ाने एवं सवारी गाड़ियों को रफ्तार देने व संरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए आजमगढ़, खुरासन व दीदारगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।उन्होंने यात्री सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होने देने का निर्देश दिया।
डीआरएम कई स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए मऊ जंक्शन, मोहम्मदाबाद गोहना होते हुए अपने निरीक्षण स्पेशल ट्रेन से आजमगढ़ स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने व्यापक निरीक्षण कर यात्री सुख-सुविधाओं का संज्ञान लिया। स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास योजनाओं के कार्यों की प्रगति देखी।

उन्होंने मऊ स्टेशन के प्लेटफार्म, यात्री हाल, प्रतीक्षालय, पैदल उपरिगामी पुल, स्टेशन के कार्यलयों, स्टेशन परिसर एवं साइकिल स्टैंड का व्यापक निरीक्षण किया और साफ-सफाई के संबंध में संबंधित को निर्देश दिया। इसके पश्चात वे खुरासान रोड एवं दीदारगंज स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए शाहगंज के लिए निकल गए। इन स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया और यात्रियों की सुख- सुविधाओं, साफ-सफाई एवं रख रखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिया। इस दौरान रेल पथ जड़ाई, बैलास्ट फैलाई,ओवरहेड ट्रैक्शन का क्लियरेंस, पुल-पुलिया, कर्वेचर, सेफ्टी जाइंट्स, कांटा क्रासिंग, क्रासओवर, अंडरपास, समपार फाटकों का निरीक्षण किया एवं रेलवे ट्रैक की अल्ट्रा सोनोग्राफी कर संरक्षित रेल परिचालन के साथ-साथ तेज गति से रेल परिचालन का मार्ग प्रशस्त किया। इस अवसर पर उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) ज्ञानेश त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राकेश रंजन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा व वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एनके जोशी व स्टेशन अधीक्षक डीबी सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
