



आजमगढ़। जिले के 174 गन्ना किसानों ने समय रहते भूमि की खतौनी गन्ना विभाग को नहीं उपलब्ध कराई तो उनका बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान रुक जाएगा। इसके बाद बकाया गन्ना मूल्य की धनराशि संबंधित तहसीलों के उप जिलाधिकारी के खाते में भेज दी जाएगी।सहकारी चीनी मिल सठियांव में गन्ना पेराई सत्र 2019-20 में जिले के कुल 18 हजार 811 गन्ना किसान पंजीकृत हैं। इसमें से 18 हजार 637 गन्ना किसानों ने अपने भूमि की खतौनी विभाग को जमा कर दी है। उनका भुगतान भी हो चुका है। वहीं 174 किसानों ने अभी तक गन्ना विभाग को भूमि की खतौनी उपलब्ध नहीं कराई है। उन्हें कई बार नोटिस भी जारी किया जा चुका है। बावजूद कोई किसान इसे संज्ञान में नहीं ले रहा है। विभाग का कहना है कि खतौनी में काफी हेरफेर के मामले भी सामने आ रहे हैं। इसी लिए बहुतायत किसान अभी तक अपने जमीन की खतौनी गन्ना विभाग को उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।
174 गन्ना किसानों ने अभी तक भूमि की खतौनी उपलब्ध नहीं कराई है। जिससे उनका बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो पा रहा है। उन्हें कई बार नोटिस भी जारी की जा चुकी है लेकिन अभी तक किसी ने संज्ञान में नहीं लिया है। एक सप्ताह के अंदर खतौनी जमा नहीं किए तो बकाया गन्ना मूल्य भुगतान संबंधित तहसील के एसडीम के खाते में भेज दिया जाएगा।
अशर्फी लाल, जिला गन्ना अधिकारी।

