Covid News India: संसद में भी कोरोना का असर, मास्क लगाकर राज्यसभा पहुंचे पीएम मोदी

चीन में कोरोना वायरस के कोहराम के बाद भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना की स्थिति को लेकर बुधवार को उच्च स्तरीय बैठक की। सरकार की ओर से लोगों को भीड़ में मास्क पहनने और एहतियाती खुराक लेने की सलाह दी गई है। वहीं, राज्य सरकारें भी इसको लेकर अपनी-अपनी तैयारी कर रही हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज कोरोना को लेकर आपात बैठक करेंगे। महाराष्ट्र सरकार ने कोविड टेस्ट की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। वहीं, केरल सरकार ने वायरस के संभावित प्रसार को लेकर चेतावनी दी है।

12:28 PM, 22 Dec 2022
राज्यसभा में मास्क लगाकर पहुंचे पीएम मोदी
कोरोना का असर संसद में भी देखने को मिल रहा है। पीएम मोदी गुरुवार को मास्क लगाकर राज्यसभा पहुंचे। संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही जारी है।

12:14 PM, 22 Dec 2022
Covid-19 पर सीएम योगी ने की आपात बैठक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना (Coronavirus in India) की स्थिति पर टीम 9 के साथ बैठक की अध्यक्षता की।
/

12:11 PM, 22 Dec 2022
सांसदों से मास्क पहनने की अपील
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सभी सांसदों से मास्क पहनने की अपील की है। बिरला खुद भी सदन की कार्यवाही के दौरान मास्क पहने हुए थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोरोना को लेकर त्वरित कदम उठाया और लोगों को सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने की सलाह दी।

11:25 AM, 22 Dec 2022
मास्क पहनकर आए लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा चेयरमैन
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ सदन की कार्यवाही के दौरान मास्क पहने नजर आए। इस दौरान कई सांसदों ने भी मास्क लगाया हुआ था।
Parliament Session में भी गूंजेगा कोरोना का मुद्दा
आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने चीन में बढ़ते कोरोना के मामलों से भारत में असर को लेकर संसद में चर्चा की मांग की है। राघव ने राज्यसभा में चर्चा के लिए नोटिस भी दिया है।

10:11 AM, 22 Dec 2022
Corona के दुनियाभर में 5.37 लाख नए केस सामने आए
चीन के बाद दुनियाभर में कोरोना के केस अब तेजी से बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में दुनियाभर में 5.37 लाख नए केस सामने आए हैं और इसके चलते 1396 लोगों की जान चली गई है।

10:01 AM, 22 Dec 2022
Covid New Variant BF.7 के 6 महीने में चार मामले
भारत में ओमिक्रोन के सब वेरिएंट BF.7 के बीते 6 महीने में चार मामले सामने आए हैं। ये वेरिएंट चीन में हाहाकार मचा रहा है। चीन में इससे रोजाना हजारों मौतें हो रही हैं।

09:48 AM, 22 Dec 2022
Covid in Bihar: भीड़ वाली जगहों पर रैंडम टेस्ट होंगे
बिहार सरकार ने भीड़ वाली जगहों पर कोरोना के रैंडम टेस्ट करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर कोरोना की रैंडम जांच की जाएगी।

ये भी पढ़ें:

Coronavirus in Japan: कोरोना के चलते चीन से भी बदतर हुआ जापान का हाल, एक दिन में मिले 2 लाख से ज्यादा केस

09:41 AM, 22 Dec 2022
Corona Variant की निगरानी करना जरूरी- डॉक्टर संजय राय
एम्स दिल्ली के डॉक्टर संजय राय ने कहा कि भारत में हमारे पास यह साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं कि जो लोग कोविड से ठीक हो गए हैं, वे अच्छी तरह सुरक्षित हैं। सभी वेरिएंट की निगरानी करना महत्वपूर्ण है, लेकिन वर्तमान परिदृश्य में वायरस के कारण भारत में किसी गंभीर समस्या का सामना करने की संभावना नहीं है।

09:31 AM, 22 Dec 2022
Corona New Variant पर महाराष्ट्र में भी बैठक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज दोपहर में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक से पहले राज्य में कोविड की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

09:29 AM, 22 Dec 2022
Coronavirus पर पीएम मोदी करेंगे उच्च स्तरीय बैठक
पीएम मोदी आज दोपहर कोरोना के हालात पर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में कोरोना की स्थिति पर समीक्षा की जाएगी।

09:26 AM, 22 Dec 2022
Covid-19 पर उत्तराखंड सरकार की तैयारी
उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार कुछ देशों में कोविड के मामलों में अचानक तेजी के बाद केंद्र के दिशानिर्देशों के आधार पर कोविड-19 पर नए निर्देश जारी करने की तैयारी कर रही है।

09:24 AM, 22 Dec 2022
ममता बनर्जी की कमेटी बनाने की सलाह
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की है। ममता ने हालात पर नजर रखने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को विशेषज्ञों की कमेटी गठित करने की सलाह दी है।

09:20 AM, 22 Dec 2022
ओडिशा में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
ओडिशा सरकार ने राज्य में ओमिक्रोन सब वेरिएंट BF.7 का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन से निगरानी को मजबूत करने का निर्देश दिया है।