#प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, हटाए गए कई जिलों के कप्तान#

लखनऊ। बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के दो अधिकारियों की हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. बृजेश कुमार सिंह को पद से हटा दिया है। उन्हें डीजीपी मुख्यालय की लॉजिस्टिक शाखा से संबद्ध कर दिया गया है। सरकार ने कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी नियुक्त किया है। वहीं फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह को भी हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। प्रशासनिक बदलाव के तहत भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को फतेहपुर का नया एसपी बनाया गया है। वहीं एसपी लॉजिस्टिक ओम प्रकाश सिंह प्रथम को कासगंज जिले की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा गोरखपुर में तैनात एडिशनल एसपी अभिनव त्यागी को भदोही का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद में तैनात अधिकारी पाटिल निमिष दशरथ को गोरखपुर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि बदायूं में हुई दोहरे हत्याकांड की घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए यह बड़े स्तर का प्रशासनिक फेरबदल किया है।