


प्रतिभाशाली युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव
आजमगढ़। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा के घोषित परिणाम में आजमगढ़ के प्रतिभाशाली युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। बिलरियागंज ब्लॉक के ग्राम शान्तीपुर निवासी भाई-बहन ने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। ग्राम शान्तीपुर निवासी अधिवक्ता सूर्यप्रकाश उपाध्याय, जो वर्तमान में लखनऊ हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं, तथा उनकी पत्नी प्रतिभा उपाध्याय, जो एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं, के पुत्र आदित्यहृदय उपाध्याय ने यूपीएससी में 154वीं रैंक प्राप्त की है। वहीं उनकी छोटी बहन आयुषी उपाध्याय ने 361वीं रैंक हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शैक्षणिक उपलब्धियों के मामले में भी दोनों भाई-बहन का रिकॉर्ड उत्कृष्ट रहा है। आदित्यहृदय उपाध्याय रुड़की से बीटेक में गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं। वहीं आयुषी उपाध्याय ने नेशनल लॉ कॉलेज से ग्रेजुएशन में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। उल्लेखनीय है कि आदित्यहृदय उपाध्याय इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा में चयनित होकर आईआरएस (असिस्टेंट कमिश्नर आयकर) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि आयुषी उपाध्याय का यह दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने सफलता प्राप्त की है। दोनों भाई-बहन आगे और मेहनत कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयनित होने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। वहीं कप्तानगंज क्षेत्र के च्योंता निवासी रीडर प्रताप सिंह को चौथे प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 345वीं रैंक प्राप्त हुई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और परिजनों ने मंदिर में मत्था टेककर भगवान का आशीर्वाद लिया। प्रताप सिंह ने चिल्ड्रेन कॉलेज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। इसके अलावा आजमगढ़ के मेंहनगर ब्लॉक के ग्राम गुरेहथा निवासी कुंवर राज सिंह ने भी कड़ी मेहनत के बल पर यूपीएससी में फाइनल चयन हासिल किया है। वह गरुण होटल के निदेशक बिजेंद्र सिंह के पौत्र और राजीव सिंह के पुत्र हैं। इन सभी प्रतिभाओं की सफलता से पूरे जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों और परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
