#UP: 14 दिन पहले हुई मारपीट में घायल हुआ था युवक, जिंदगी और मौत के बीच जूझते तोड़ा दम; परिजनों ने किया हंगामा#



यूपी के भदोही में कोतवाली के चुड़िहारी मोहाल में 14 दिनों पूर्व हुए जमीनी विवाद की मारपीट में घायल की मंगलवार को मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि मारपीट के बाद वह घर आ गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी। मामले को लेकर महिलाओं ने गोपीगंज सीएचसी में शव रखकर थोड़ी देर के लिए विरोध भी जताया। पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया।गोपीगंज नगर के वार्ड 17 चुड़िहारी मोहाल निवासी मो. नसीम (39) पुत्र मो. सलीम बीते 10 फरवरी को अपने मकान में गली की तरफ दरवाजा लगा रहे थे। आरोप है कि पड़ोसी ने इसका विरोध किया। जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें जमकर मारपीट हुई। यह भी आरोप लगाया गया कि छत के ऊपर से ईंट पत्थर भी चलाए गए थे। जिसमें एक पक्ष से पांच लोग घायल हो गए थे। जिनका सीएचसी में उपचार हुआ था।

