#Bareilly News: छेड़खानी के आरोपी रेलकर्मी ने थाने में इंस्पेक्टर पर किया हमला, वर्दी फाड़ी; रिपोर्ट दर्ज#

बरेली के सुभाषनगर थाना परिसर में बृहस्पतिवार को पॉक्सो एक्ट के आरोपी रेलकर्मी ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी ने समझाने का प्रयास किया तो आरोपी उनसे भी भिड़ गया। वर्दी फाड़ दी और बैज नोच लिए। सुभाषनगर थाने में हमलावर के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।सुभाषनगर थाने के मालखाना प्रभारी दीपक शर्मा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, बृहस्पतिवार को वह कार्यालय में ड्यूटी कर रहे थे। दोपहर में पुलिस टीम पॉक्सो एक्ट के आरोपी गंगापुरी गोस्वामी (58) को गिरफ्तार कर थाने लाई। थाने के संतरी के सामने गंगापुरी की तलाशी ली जा रही थी। तलाशी के दौरान गंगापुरी फोन कॉल पर वादी महिला को धमका रहा था।

दीपक शर्मा ने बात करने से मना किया और फोन जमा करने के लिए कहा। इस पर गंगापुरी गालियां देते हुए गिरेबान पकड़कर मालखाना प्रभारी दीपक शर्मा को पीटने लगा। शोर सुनकर कार्यालय से निकलकर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने समझाने का प्रयास किया तो आरोपी गंगापुरी उन पर भी हमलावर हो गया। उनके साथ भी हाथापाई कर शर्ट पर लगा होल्डर (बैज) नोच दिया। 

पूर्व सैनिक है आरोपी, रेलवे को भी भेजी रिपोर्ट
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी गंगापुरी गोस्वामी पहले सेना की इंजीनियरिंग कोर में जेसीओ के पद पर तैनात था। वहां से सेवानिवृत्त होने के बाद वह रेलवे में तकनीकी पद पर कर्मचारी के रूप में तैनात हो गया है। बरेली जंक्शन पर उसकी ड्यूटी है। कुछ महीने पहले वह जंक्शन पर भटकती महिला और उसके बेटे को अपने घर ले आया था।

कुछ दिन बाद महिला को खोजते हुए उसका पति आ गया। सब लोग एक ही घर में रह रहे हैं। महिला ने आरोप लगाया कि गंगापुरी ने उसके नाबालिग बेटे के साथ गलत हरकत की है। महिला ने गंगापुरी पर यौन उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर सुभाषनगर ने बताया कि आरोपी के बारे में रेलवे को भी रिपोर्ट भेज दी गई है।

हिरासत में होने के बावजूद धमका रहा था
इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की रिपोर्ट के आधार पर थाना पुलिस गंगापुरी को पकड़कर लाई थी। वह एक कीपैड वाला चोरी का मोबाइल फोन शर्ट में छिपा लाया था। हिरासत के दौरान उसे रात में मुंशी के कमरे में बैठा दिया था। वहां वह वादी महिला के मोबाइल फोन पर मेसेज कर रहा था और कॉल कर परेशान कर रहा था। अहसास होेने पर मुंशी ने उसे टोका और मोबाइल छीना तो उसने बखेड़ा कर दिया। सरकारी काम में बाधा पहुंचाई।