#आस्था के नाम पर सौदेबाजी: गोरखपुर के इन घाटों पर छठ वेदी के लिए जमीन कब्जाई…जगह चाहिए तो मोबाइल नंबर पर करें#




छठ महापर्व में अभी चार दिन का समय है लेकिन पूजा के लिए वेदी बनाने की होड़ लग गई है। राप्ती नदी के किनारे एकला बंधे के पास कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा कर उसे लकड़ी से घेर दिया है। कुछ ने संपर्क करने के लिए जमीन पर मोबाइल नंबर भी लिख दिया है। अब लोग इन्हीं मोबाइल नंबर पर संपर्क कर अपने लिए भी जगह मांग रहे हैं।

राप्ती नदी किनारे गुरु गोरक्षघाट, रामघाट और एकला बांध की तरफ छठ पूजा होती है। बुधवार को दोपहर एक बजे एकला बांध के पास नदी किनारे हर तरफ लकड़ी से जमीन घेरी गई थी। आसपास के गांवों के लोगों ने छठ वेदी बनाने के लिए वहां कब्जा किया था। किसी घेरे में मुकेश तो किसी में राजू लिखा था। कई जगहों पर मोबाइल नंबर भी लिखा मिला।
