#Azamgarh News: गला रेतकर युवक की हत्या, धान के खेत में फेंका शव; जांच में जुटी पुल‍िस#

जहानागंज (आजमगढ़)। जहानागंज के धनारबांध गांव के सिवान में 22 वर्षीय जयहिंद कुमार की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। स्वजन ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

स्वजन ने बताया कि शाम साढ़े सात बजे जयहिंद टहलने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक नहीं लौटने पर पिता सागर राम परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खोजते हुए सिवान की तरफ पहुंचे, जहां खेत में जयहिंद का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल की। जयहिंद का गला रेता हुआ था, शरीर पर भी कई जगह चोट के निशान थे।

दादी की तेरही में दिल्ली से आया था जयहिंद जयहिंद अपने पिता के साथ दिल्ली स्थित फल मंडी में काम करता था। दादी के निधन पर पिता के साथ दिल्ली से लौटा था। सोमवार आठ सितंबर को दादी की तेरहवीं थी। जयहिंद दो भाई एक बहन में सबसे बड़ा था। छोटा भाई और बहन घर पर ही रहते थे। स्वजन ने बताया कि कुछ दिन पहले ही गांव के कुछ लड़कों के साथ किसी बात को लेकर जयहिंद का झगड़ा हुआ था। स्वजन हत्या का आरोप इन्हीं लड़कों पर लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।