#हत्यारिन पत्नी की जुबानी, पति की हत्या की कहानी#

प्रेमी संग मिल कर बनाई थी हत्या की योजना, अब जेल में कटेगी जिंदगी

मुरादाबाद। सिविल लाइंस के रामगंगा विहार में फिजियोथेरेपी सेंटर चलाने वाली रीना सिंधू ने अपने प्रेमी परितोष कुमार के साथ मिलकर पति रविंद्र कुमार की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को उत्तराखंड के कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र के दुगड्डा चौकी के पास पांचवें मील पर झाड़ियों में फेंक दिया। उत्तराखंड पुलिस ने दोनों आरोपियों को बिजनौर के नगीना से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट के आदेश पर उन्हें पौड़ी जेल भेज दिया गया।
कोटद्वार कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि 5 जून को दुगड्डा चौकी क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिला था, जिसकी पहचान रविंद्र कुमार (निवासी रजोकरी, बसंत कुंज, साउथ दिल्ली) के रूप में हुई। मृतक के भाई राजेश कुमार ने 17 जून को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रविंद्र का अपनी पहली पत्नी आशा देवी से मनमुटाव के बाद 2007 में वह हरिद्वार चले गए थे। वहां उनकी मुलाकात रीना सिंधू से हुई और 2010-11 में दोनों ने शादी कर ली। इसके बाद वे मुरादाबाद के रामगंगा विहार में रहने लगे।