#Murder in Haryana: बोरे में लाश… फरीदाबाद में मेरठ जैसा कांड, सामने आई खौफनाक वारदात की वजह#

नाबालिग बहन से छेड़छाड़ करने पर भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में बंद करके सुनसान इलाके में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। 

बीपीटीपी थाना क्षेत्र में रहने वाले दीपक की नाबालिग बहन के साथ पड़ोस में ही रहने वाला करण स्कूल जाते समय छेड़छाड़ करता था। नाबालिग ने कई बार यह बात अपने परिजनों को बताई थी। परिजनों ने करण के परिवार वालाें से बातचीत करके उसको समझाने का प्रयास किया, लेकिन करण लगातार स्कूल जाते समय नाबालिग से छेड़छाड़ करता रहा। 

इसके बाद भाई दीपक ने अपने दोस्त नवीन के साथ मिलकर करण से बदला लेने की योजना बनाई। उन्होंने करण को खेड़ीकला मार्केट के पास बुधवार शाम को पकड़ लिया। फिर उसको बहाने से सुनसान इलाके में ले गए। इसके बाद दोनों ने मिलकर करण को पीटा। ज्यादा पीटने से करण की जान चली गई। 

लोगों की मदद से शव की पहचान की

इसके बाद दोनों ने शव को बोरे में बंद करके बीपीटीपी मार्केट के पास झाड़ियों ले जाकर फेंक दिया। स्थानीय लोगाें ने बोरे से बदबू आने पर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव की पहचान की। इसके बाद मामले में दो आरोपी नवीन और दीपक को गिरफ्तार कर लिया।