#बिहार में लुटा बंगाल का आम: लाखों का माल ले भागे लुटेरे; गाड़ी मालिक निकला ज्यादा चालाक, कर रखा था खास इंतजाम#


बिहार के अररिया जिले में आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद अपराधियों के द्वारा अररिया-फारबिसगंज-नरपतगंज फोरलेन पश्चिम बंगाल के बरहमपुर मंडी से मधुबनी जा रही आम लोडेड पिकअप लूटने और चालक-खलासी को रातभर बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है।
घटना बीती रात सोमवार की बताई जा रही है। पिकअप पर 126 कैरेट आम लदा था, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार है। रात भर चालक व खलासी को बंधक बनाए रखने के बाद अपराधियों ने मंगलवार को लगभग 11:30 बजे दोनों को छोड़ा, जिसके बाद दोनों फारबिसगंज थाना पहुंचे एवं घटना की जानकारी पुलिस को दी है।

घटना के संदर्भ में बंगाल के बलरामपुर जिला मुर्शिदाबाद निवासी चालक शिराज शेख एवं खलासी सोमू बेदिया ने बताया कि सोमवार की शाम लगभग चार बजे बंगाल के बरहमपुर से आम लोड करके जयनगर मधुबनी के लिए रवाना हुए थे। देर रात अररिया टोल टैक्स पार करने के लगभग 30 किलोमीटर बाद एक पुल के समीप लगभग आधा दर्जन से अधिक लोगों ने वाहन रोकने का इशारा किया।

जैसे ही वाहन को रोका, अपराधियों ने मारपीट करना शुरू कर दिया। सभी अपराधी हथियार से लैश थे। अपराधी आठ की संख्या में थे, जिसमें से दो अपराधी पिकअप लेकर चले गए एवं अन्य ने पकड़कर दूसरे वाहन में बंधक बनाकर रखा और मारपीट भी की। चालक और खलासी ने बताया कि उसके पास मौजूद 8400 रुपया और एक स्मार्टफोन भी छीन लिया।

वाहन मालिक निकला लुटेरों से चालाक
खास बात यह है कि पिकअप वाहन के मालिक बंगाल निवासी सुजीत सरकार ने पिकअप में जीपीएस लगा रखा था। सुबह आठ बजे ही उन्होंने अपने जीपीएस कंट्रोल से वाहन का जीपीएस सिस्टम लॉक कर दिया, जिसके कारण अपराधी वाहन को ज्यादा दूर नहीं ले जा सके।

मोबाइल पर पूछे जाने पर वाहन मालिक ने बताया कि मगंलवार की सुबह जब वह उठे तो जीपीएस में देखा कि वाहन रात्रि के तीन बजे से एक ही एरिया में है। जीपीएस में रामपुर का लोकेशन होने की जानकारी प्राप्त हुई है। पुलिस को उन्होंने जीपीएस लोकेशन उपलब्ध करा दिया है।

दो थानों की पुलिस के बीच मामले को लेकर कशमकश
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने चालक एवं खलासी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना नरपतगंज थाना क्षेत्र का है। बावजूद पुलिस अपराधियों की पहचान एवं वाहन की खोजबीन में जुटी हुई है। वहीं, नरपतगंज थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि यह घटना नरपतगंज थाना क्षेत्र का नहीं है। वाहन मालिक से बातचीत हुई है। जीपीएस में फारबिसगंज लोकेशन बता रहा है।