#आजमगढ़ : पुलिस मुठभेड़ में दो अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली#


गहने साफ करने के बहाने महिलाओं को बनाते थे शिकार

लूटी गई सोने की चैन, कान के झाले और अवैध तमंचा बरामद
आजमगढ़। जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के कंजहित गांव में महिलाओं को गहने साफ और चमकाने का झांसा देकर सोने के आभूषण हड़पने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान बिहार के रहने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित सोने की चैन, कान के झाले, अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देवगांव पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को ग्राम कंजहित निवासी जयनारायण दुबे ने थाना देवगांव में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पत्नी मनोरमा दुबे को दो अज्ञात व्यक्तियों ने गहने साफ करने का झांसा दिया। इसके बाद उन्होंने सोने के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए और विरोध करने पर असलहा दिखाकर फरार हो गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 20 और 21 जून की मध्यरात्रि लगभग 12:45 बजे चौकी प्रभारी पल्हना उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह गायत्री मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मेहनाजपुर की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और लहुवां की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय और चौकी प्रभारी लालगंज उपनिरीक्षक रविन्द्रनाथ पाण्डेय पुलिस बल के साथ पीछा करने लगे। पीछा करते हुए पुलिस टीम सरूपहां क्षेत्र में पहुंची, जहां भाग रहे बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने दोनों को घेरकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान बिहार के कटिहार जनपद के समेली गांव निवासी 22 वर्षीय चाहत कुमार पुत्र स्वर्गीय मिथिलेश शाह के रूप में हुई, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान 45 वर्षीय मुन्ना शाह पुत्र स्वर्गीय जोगेन्द्र शाह निवासी समेली, थाना कुरसेला, जनपद कटिहार के रूप में हुई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चैन, दो सोने के कान के झाले, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कंजहित गांव में महिलाओं को गहने साफ करने और चमकाने का झांसा देकर आभूषण हड़प लिए थे। विरोध करने पर उन्होंने तमंचा दिखाकर महिलाओं को डरा दिया और मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे विभिन्न राज्यों और जनपदों में घूम-घूमकर महिलाओं को पुराने गहने नया बनाने, साफ करने और चमकाने का झांसा देकर इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। पुलिस को पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चाहत कुमार और मुन्ना शाह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लूट, धोखाधड़ी, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है तथा अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
Tags: