#आजमगढ़: मदरसा आधुनिकीकरण योजना में गबन के मामले में दो वांछित गिरफ्तार#


राजकीय धन के दुरुपयोग मामला में पुलिस ने की कार्रवाई
आजमगढ़। मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत राजकीय धन के गबन के मामले में थाना फूलपुर पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। दोनों अभियुक्त आर्थिक अपराध शाखा की जांच में प्रकाश में आए थे। पुलिस के अनुसार, राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक कुँवर ब्रम्ह प्रकाश सिंह द्वारा 11 फरवरी 2025 को थाना फूलपुर में लिखित सूचना दी गई थी कि मदरसा अरबिया तहतानिया भीखपुर (मदरसा आईडी-191100096) द्वारा भवन एवं छात्र संख्या से संबंधित तथ्यों को पोर्टल पर गलत तरीके से प्रदर्शित कर मदरसा आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत प्राप्त राजकीय धनराशि का दुरुपयोग एवं गबन किया गया है। जांच के दौरान मदरसा प्रबंधक रियाज अहमद द्वारा 66 हजार रुपये के राजकीय धन के गबन का मामला सामने आया। इस संबंध में थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 69/2025 के तहत धारा 409, 420, 467, 468 एवं 471 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान रियाज अहमद, शरद यादव तथा धर्मेन्द्र कुमार यादव के नाम प्रकाश में आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक फूलपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को अम्बारी चौराहे के पास से वांछित अभियुक्त शरद यादव और धर्मेन्द्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शरद यादव (32) पुत्र स्वर्गीय श्रीकृष्ण बहादुर यादव निवासी रसूलपुर जोखू, पोस्ट अम्बारी तथा धर्मेन्द्र कुमार यादव (45) पुत्र स्वर्गीय सम्पत यादव निवासी इब्राहिमपुर, पोस्ट अम्बारी, थाना फूलपुर शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, कांस्टेबल दयाशंकर यादव, कांस्टेबल अमरजीत निषाद एवं आरक्षी अमित यादव शामिल रहे।