#’होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे’, निर्दोष लोगों की मौत पर भारत का सख्त रुख#



यूनाइटेड किंगडम में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
विक्रम दोरईस्वामी ने सभी नाविकों की सुरक्षा, नौवहन की स्वतंत्रता, समुद्री सुरक्षा और व्यापार तथा ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर जोर दिया है।
नागरिकों की सुरक्षा को दें प्राथमिकता
गुरुवार को लंदन में आयोजित IMO परिषद के 36वें असाधारण सत्र को संबोधित करते हुए, भारतीय उच्चायुक्त ने कहा, ‘भारत बदलती स्थिति को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करता है।’
विक्रम दोरईस्वामी ने आगे कहा, ‘भारत बातचीत तथा कूटनीति के माध्यम से तनाव कम करने का लगातार आह्वान करता है, जिसमें अत्यधिक संयम बरता जाए और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।’
भारतीय नाविकों की जान जाने पर जताया दुख
दोरईस्वामी ने कहा, ‘वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और नागरिक समुद्री बुनियादी ढांचे पर हमले अस्वीकार्य हैं। ऐसे हमलों के परिणामस्वरूप निर्दोष लोगों की जान गई है, लोग घायल हुए हैं, और जोखिम बढ़ गए हैं।’
भारतीय उच्चायुक्त ने आगे कहा, ‘भारत नाविकों की आपूर्ति करने वाले शीर्ष तीन देशों में से एक है, जो वैश्विक नाविक कार्यबल में लगभग 13 प्रतिशत का योगदान देता है। हम सभी नाविकों की सुरक्षा और कल्याण को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हैं।’

IMO का बड़ा फैसला
अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) परिषद ने भी व्यापारी जहाजों के खिलाफ ईरान की धमकियों और हमलों की निंदा की है और खाड़ी क्षेत्र में नागरिक जहाजों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय समन्वय का आग्रह किया है।
गुरुवार को लंदन में हुई IMO परिषद में एक फैसला लिया गया। इस फैसले के तहत एक ऐसा ढांचा बनाने को बढ़ावा दिया जाएगा, जैसे कि ‘समुद्री सुरक्षा गलियारा’ (maritime safety corridor)।
समुद्री सुरक्षा गलियारा का मकसद यह सुनिश्चित करना होगा कि ज्यादा जोखिम वाले और प्रभावित इलाकों से व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने का काम सुरक्षित तरीके से हो सके।
चीन में भारत के राजदूत बने विक्रम दोरईस्वामी
विक्रम दोराईस्वामी को चीन में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। पूर्वी लद्दाख में चार साल से अधिक समय तक चले सैन्य गतिरोध के बाद दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण संबंधों को फिर से सुधारने के प्रयासों के बीच यह कदम उठाया गया है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, विक्रम दोरईस्वामी चीन में नए राजदूत के तौर पर जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे। वे इससे पहले भी चीन में भारतीय दूतावास में काम कर चुके हैं
