#परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 लाख की डील का खुलासा : UPSI पेपर लीक का झांसा, दो गिरफ्तार#

#आजमगढ़ : थाना कोतवाली पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नकद ₹6,900 भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मेहनगर निवासी अभिषेक यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि संजय कुमार भारद्वाज नामक व्यक्ति ने खुद को कोचिंग संचालक बताते हुए आर्मी, पुलिस व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने का झांसा दिया। आरोपी ने UPSI परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की और शुरुआती तौर पर ₹50,000 ले लिए। बाद में उसने एक सामान्य मॉक पेपर को “टॉप सीक्रेट” बताकर दे दिया, जो परीक्षा में मेल नहीं खाया और ठगी का खुलासा हो गया।
मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पुरानी जेल बंधा रोड से दोनों आरोपियों संजय कुमार भारद्वाज (42 वर्ष) निवासी जहानागंज और अजीत कुमार (34 वर्ष) निवासी चिरैयाकोट, मऊ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अभ्यर्थियों को फर्जी आश्वासन देकर पैसे लेते थे और बाजार से खरीदे गए मॉक पेपर को “टॉप सीक्रेट” बताकर देते थे। वसूली गई रकम को आपस में बांट लेते थे। बरामद नकदी उसी ठगी की बची हुई रकम है। अजीत कुमार के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी का मामला दर्ज है, जबकि संजय कुमार भारद्वाज का नाम इसी मामले में सामने आया है।