#टीबी व एचआईवी जांच शिविर में 135 मरीजों की हुई ओपीडी#

घोसी। स्थानीय तहसील क्षेत्र के घोघवल रामपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय के परिसर में सोमवार को सीएचसी घोसी के अधीक्षक डॉ. एचके पंकज के नेतृत्व में टीबी एवं एचआईवी जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
इस दौरान कुल 135 मरीजों की ओपीडी की गई। वहीं 78 मरीजों का एक्सरे कराया गया तथा 37 लोगों के सीबीसी सहित अन्य आवश्यक जांच परीक्षण किए गए। चिकित्सकों ने लोगों को टीबी और एचआईवी जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी।
अधीक्षक डॉ. एचके पंकज ने कहा कि टीबी और एचआईवी जैसी बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार गांव-गांव शिविर लगाकर लोगों की जांच कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और उपचार में लापरवाही न बरतें।
डॉ. अतुल शर्मा ने कहा कि नियमित जांच और दवाओं के सेवन से टीबी का पूर्ण रूप से इलाज संभव है। सरकार द्वारा मरीजों को निःशुल्क दवा और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ लोगों को उठाना चाहिए।इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. एचके पंकज, वरिष्ठ प्रयोगशाला पर्यवेक्षक रमेशचंद यादव, विजय कुमार, ग्राम प्रधान प्रेमलता, योगेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।