#Bihar Crime: पूर्वी चंपारण में पुलिस टीम पर हमला, महिलाओं ने फेंका खौलता पानी, पांच घायल#

जिले के तुरकौलिया थानाक्षेत्र के चैनपुर गांव में लंबित मामलों के आरोपित को गिरफ्तार करने गई तुरकौलिया पुलिस पर आरोपित, उनके स्वजन व ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने खौलता पानी भी पुलिस कर्मियों पर फेंका। हमले में थानाध्यक्ष अनिल कुमार समेत आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए बावजूद इसके पुलिस की टीम ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घायल पुलिस कर्मियों का इलाज तुरकौलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।

ये पुलिसवाले हुए घायल
घायलों में थानाध्यक्ष अनिल कुमार, दारोगा श्याम कुमार राय, फोजैल अहमद, वेदा भारती, सुबोध कुमार शामिल हैं। पुलिस ने मामले में तत्काल चैनपुर निवासी नवल किशोर सिंह, कृष्णा कुमार, जमादार भगत और श्रीराम कुमार को गिरफ्तार किया है। शेष की खोज की जा रही है।

थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मारपीट को लेकर दर्ज कांड संख्या 1118/23 के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए शनिवार की रात छापेमारी करने चैनपुर गए थे। वहां प्राथमिकी के नामजद नवल किशोर सिंह व कृष्णा कुमार का दरवाजा खुलवाया। पुलिस को देखते ही परिवार के लोग गाली-गलौज करने लगे।

लोगों ने पुलिस पर लाठी-डंडे से किया हमला
आरोपित नवलकिशोर सिंह के ने न्यायालय से निर्गत पत्र दिखाया। पत्र में 14 दिसंबर तक गिरफ्तारी नहीं करने का आदेश था। जैसे ही कहा कि इसकी अवधि समाप्त हो गई है तो वो लोग भड़क गए। कुछ देर बाद उक्त आरोपितों ने खौलता पानी पुलिस टीम पर फेंकना शुरू कर दिया।

लाठी-डंडे से हमला करने लगे। घर के पीछे खड़े अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंच चार लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बावजूद अन्य घर के सदस्य और अन्य अज्ञात लोगों द्वारा ईंट-पत्थर, लाठी डंडे, लोहे के राड से प्रहार किया जाता रहा।

भागने के क्रम में दो हमलावरों को भी चोटें आई है। उनका भी इलाज करवाया गया है। फरार आरोपितों की खोज में छापेमारी की जा रही है।

न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर चैनपुर गांव में नवल किशोर सिंह के घर पर छापेमारी करने पुलिस की टीम गई थी। इसी दौरान घर के महिलाओं व व अन्य ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की। गर्म पानी भी फेंका, जिसमें थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। सभी का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया है। चार हमलावर गिरफ्तार किए गए हैं। शेष की खोज की जा रही है। – श्री राज, अपर पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी