#तेज रफ्तार कार ने बरपाया कहर, गाड़ी का इंतजार कर रहे लोगों को रौंदा, चार की हालत गंभीर#

मथुरा-बरेली राजमार्ग पर मुरसान क्षेत्र में सोमवार दोपहर को बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। दो स्थानों पर आठ लोगों को जबरदस्त टक्कर मारी। कार का चालक नशे में बताया जा रहा है। टक्कर के बाद चालक कार को मुरसान-करील रोड पर दौड़ाकर ले गया। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
घटना टिमर्ली फाटक के पास की है। यहां वाहन के इंतजार में लोग सड़क किनारे पेड़ के नीचे खड़े हुए थे। तभी हाथरस की ओर से बेकाबू कार आई और वहां खड़े छह लोगों को टक्कर मार दी। इससे थोड़ा आगे दो और लोगों को टक्कर मारी।
हादसे में भावना देवी, उनके बच्चे अमन और यमन निवासी भूडरी मुरसान, मुन्नी देवी निवासी तेहरा सोनई, जनपद मथुरा, नारायण सिंह व अमन निवासी गांव उदयभान मुरसान व दो अन्य युवक चुटैल हो गई। भावना, मुन्नीदेवी, नारायण सिंह व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को स्वजन मथुरा और हाथरस ले गए हैं। पुलिस कार को पकड़ने की कोशिश कर रही है।