*आजमगढ़ : बिजली के खंभों पर चढ़कर काम करने वाले अनधिकृत लोगों के खिलाफ जेई ने थाने में दी तहरीर*


आजमगढ़। बरदह विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा बिजली के पोल और लाइनों पर चढ़कर कार्य किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अवर अभियंता (जेई) आतिश कुमार यादव ने बरदह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जेई ने थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 33/11 विद्युत उपकेंद्र बरदह के क्षेत्र में कई बार ऐसे लोग बिजली की लाइनों पर कार्य करते देखे गए हैं, जिनका विद्युत विभाग से किसी प्रकार का संविदा, निविदा अथवा नियुक्ति संबंधी कोई जुड़ाव नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह अनधिकृत रूप से बिजली के पोल और लाइनों पर कार्य करने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जान-माल की क्षति होने की संभावना बनी रहती है। प्रार्थना पत्र में अनिल विश्वकर्मा उर्फ कुट्टूर निवासी जिवली, करिता पंडित निवासी पिछौरा तथा महेंद्र कुमार निवासी राजेपुर पलिका का नाम उल्लेखित करते हुए उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में बरदह थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।